पटना : बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने आज गुरुवार 6 अगस्त 2026 को बिहार विधान परिषद् के नवमनोनीत सदस्य दीपक प्रकाश को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में बिहार विधान परिषद वेश्म में संपन्न हुआ। महामहिम राज्यपाल द्वारा निर्गत मनोनयन की अधिसूचना बिहार विधान परिषद् के प्रभारी सचिव शंकर कुमार ने पढ़ी।
इस अवसर पर विधान परिषद के उपसभापति प्रो॰ (डॉ॰) रामवचन राय, राज्यसभा सांसद एवं आरएलएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, मंत्री विजय कुमार सिन्हा व लेशी सिंह भी उपस्थित रहीं। समारोह में बिहार विधान परिषद् के उपनेता (सत्तारूढ़ दल) संजीव कुमार सिंह, महेश्वर सिंह, जनक राम, विजय कुमार सिंह, डॉ॰ प्रमोद कुमार, विधायक आलोक कुमार, बिहार विधान परिषद् के प्रभारी सचिव शंकर कुमार, उपसचिव मिथिलेश कुमार सहित परिषद् सचिवालय के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
सभापति अवधेश नारायण सिंह ने दीपक प्रकाश को सदस्यता एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री दीपक प्रकाश सदन की गरिमा एवं मर्यादा को बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे। दीपक प्रकाश बिहार सरकार में मंत्री हैं।