बिहार विधान सभा में स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन
पटना : 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को बिहार विधान सभा के विस्तारित भवन स्थित सभागार में देशभक्ति समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) सैय्यद अता हसनैन, बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार और उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पहले सुबह स्पीकर डा. प्रेम कुमार ने विधान सभा प्रांगण में ध्वजारोहण किया। उनके साथ विधान परिषद के सभापति अवधेश कुमार सिंह भी थे। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) सैय्यद अता हसनैन ने कहा कि देशभक्ति को सम्मान देने के तौर-तरीके अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन गीत, नृत्य और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रीय भावना को जागृत किया जा सकता है। उन्होंने सेना के ड्रम और ब्रास बैंड के संगीत का जिक्र करते हुए कहा कि यह रोंगटे खड़े कर देने वाला अनुभव होता है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हमारी सेना द्वारा ऊंचे शिखरों और नियंत्रण रेखा पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति को उजागर करने की अद्भुत परंपरा है। राज्यपाल ने कहा, “जब सीमा पर तिरंगा शान से लहराता है तो दुश्मनों की रूह कांप उठती है, हमारे तिरंगे जैसा कोई दूसरा झंडा नहीं है।” उन्होंने गलवान घाटी में बिहार के जवानों के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि इसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। राज्यपाल ने वर्ष 1963 और 1964 की देशभक्ति फिल्मों ‘शहीद’ व ‘हकीकत’ तथा ‘मिस्टर भारत कुमार’ के नाम से प्रख्यात अभिनेता मनोज कुमार का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से ऐसी फिल्में देखने और नई पीढ़ी को देशभक्ति की कहानियों से अवगत कराने की प्रेरणा दी।
अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन व लोकतंत्र की मजबूती का संकल्प लें : स्पीकर
अध्यक्ष डॉ.प्रेम कुमार ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत गौरव और भावनाओं से भरा हुआ है। इस अवसर पर पहली बार सभा सचिवालय की महिला पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच देशभक्ति गीत गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। बिहार विधान सभा सचिवालय की यह पहल हमारी महिला शक्ति की प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने देशभक्ति गीत गायन प्रतियोगिता की सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुति दें। मंच पर आते समय यह भावना रखें कि आप केवल प्रतियोगिता में भाग नहीं ले रही हैं, बल्कि अपने गीत के माध्यम से भारत माता के प्रति अपनी श्रद्धा और राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त कर रही हैं। उन्होंने आह्वान किया कि इस स्वतंत्रता दिवस पर हम सभी संकल्प लें कि हम अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करेंगे, संविधान और लोकतंत्र के मूल्यों को मजबूत करेंगे तथा एक सशक्त, समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे। आयोजन के दौरान विस सचिव पूनम सिन्हा, संयुक्त सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य अफसर एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

देशभक्ति समूह गान प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति समूह गान प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी ओजपूर्ण प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। प्रतियोगिता के दौरान तीनों समूहों (ग्रुप – ए, बी और सी) ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, जिसने पूरे सभागार को राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर कर दिया। कर्मियों की सामूहिक गायकी में एक तरफ जहाँ संघर्ष की गाथाएँ थीं, तो वहीं दूसरी तरफ देश के प्रति अटूट प्रेम और उत्साह स्पष्ट रूप से झलकता था। इसके साथ ही, ‘जस्ट डांस ग्रुप, गयाजी’ की विशेष नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देशभक्ति समूह गान प्रतियोगिता के लिए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार वितरण किया गया,जिसमें क्रमशः ग्रुप- बी प्रथम (गोल्ड मेडल),ग्रुप – ए द्वितीय (सिल्वर मेडल) और ग्रुप – सी (ब्रांज मेडल) के विजेताओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। साथ ही, प्रशिक्षण के दौरान 16 प्रतिभागियों में से शत–प्रतिशत उपस्थिति के लिए चार प्रतिभागियों को और अन्य कैटेगरी के तहत प्रत्येक ग्रुप से दो – दो लीड सिंगर को भी पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा निर्णायक मंडल के क्रमशः डॉ. नीतू कुमारी नूतन, पंडित अभिषेक मिश्रा एवं श्रीमती सोमा दास, प्रतियोगिता के लिए दो प्रशिक्षक (मेंटर्स) कमलेश एवं सिमरन श्रुति सहित आयोजन से जुड़े अन्य सहभागियों को सम्मानित किया गया।