पटना : वरिष्ठ भाजपा नेता और भारत के पूर्व मानव संसाधन (शिक्षा मंत्री) मुरली मनोहर जोशी भी आगामी 12 नवम्बर, 2026 को पटना में भाजपा के वरिष्ठ नेता, संस्थापक सदस्य और पूर्व राज्यसभा सांसद स्वर्गीय आरके सिन्हा के श्राद्धकर्म और प्रार्थना सभा में शामिल होंगे। उनके साथ ही, दिल्ली-बिहार और देश के अन्य राज्यों से भाजपा समेत अन्य दलों के प्रमुख नेता इस मौके पर ‘अन्नपूर्णा’ निवास में आयोजित श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होकर स्वर्गीय आरके सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। स्वर्गीय आरके सिन्हा के सुपुत्र ऋतुराज सिन्हा (जो कि खुद भी वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीयस्तर के नेता हैं) ने बताया कि आदरणीय जोशीजी 94 साल के हैं। उनके अत्यधिक उम्र के मद्देनजर उन्होंने उनके पीए को फोनकर आग्रह किया था कि जोशीजी पटना आने का कष्ट ना करें, अपितु वह खुद ही दिल्ली जाकर अपनी माताजी के साथ उनसे मिल लेंगे। भावुक ऋतुराजजी ने बताया कि जवाब में खुद माननीय जोशीजी का फोन उनके पास आया और उनको पटना आने से मना करने पर उलाहना दी। कहा कि तुम्हारे पिताजी से मेरा क्या और किस तरह का संबंध था, यह तुन्हें नहीं पता…! मैं पटना आउंगा…तुम चिन्ता मत करो…! बताया कि जोशीजी 11 नवम्बर को ही पटना पहुंच जाएंगे।

लालू, राबड़ी, भूपेन्द्र यादव और हिमंत बिस्व शरमा भी पटना पहुंचे शोक जताने
स्वर्गीय आरके सिन्हा का संबंध सभी दलों के नेताओं से मधुर था। राजद नेता लालू प्रसाद, पूर्व सीएम राबड़ी देवी, भाजपा नेता भूपेन्द्र यादव, असम के सीएम हिमंत बिस्व शरमा समेत कई नेता ‘अन्नपूर्णा’ पहुंचकर स्वर्गीय आरके सिन्हा के निधन पर शोक जता चुके हैं। समाजवादी नेता शिवानंद तिवारी स्वर्गीय आरके सिन्हा के बारे में सोशल मीडिया पर ‘कॉलम’ लिख चुके हैं।
सभी कार्यक्रम पाटलिपुत्र स्थित ‘अन्नपूर्णा’ से संपन्न होंगे : ऋतुराज
ऋतुराज सिन्हा ने बताया कि सभी कार्यक्रम उनके राजधानी पटना के पाटलिपुत्र स्थित ‘अन्नपूर्णा’ आवास से संपन्न होंगे। संबंधित सभी धार्मिक अनुष्ठान दोपहर 1 बजे तक पूरे कर लिए जाएंगे। इसके बाद ब्रह्मभोज के तहत प्रसाद वितरण होगा, जो शाम तक चलेगा। ऋतुराज सिन्हा ने बताया कि चूंकि अगले दिन महापर्व छठ का अनुष्ठान नहाय-खाय से शुरू हो जाएगा, लिहाजा श्राद्धकर्म और ब्रह्मभोज का कार्यक्रम निर्धारित शिड्यूल के तहत शाम तक संपन्न करने का प्रयास रहेगा।

नागालैंड गवर्नर नंदकिशोर यादव, सिद्दीकी व मंगल पांडेय भी आए
नागालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव, वरिष्ठ राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, विधायक गायत्री देवी और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने शनिवार 7 नवम्बर, 2026 को ‘अन्नपूर्णा’ निवास पहुंचकर स्वर्गीय आरके सिन्हा के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए सभी ने ऋतुराज सिन्हा से मुलाकात की और इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया। आरके सिन्हा का निधन गत 30 अक्टूबर को नोएडा आवास पर हो गया था।

‘अन्नपूर्णा’ पहुंचकर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा

दिवंगत भाजपा नेता आरके सिन्हा को ‘अन्नपूर्णा’ पहुंचकर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है। बिहार और अन्य राज्यों के विभिन्न हिस्सों से रोज लोग ‘अन्नपूर्णा’ पहुंच रहे हैं। शनिवार को भी आरा, भागलपुर, नौगछिया, औरंगाबाद, पाली, बिक्रम, फतुहा, बाढ़, बख्तियारपुर से कई लोग पहुंचे। मुलाकात के दौरान ऋतुराज सिन्हा ने इन सभी को आगामी 12 नवंबर को ‘अन्नपूर्णा’ आवास पर आयोजित होने वाले ब्रह्मभोज और प्रार्थना सभा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने उन सभी से अपने इलाके के अन्य लोगों को भी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए न्योता देने का आग्रह किया।