पटना : सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग, बिहार ने दीपावली और छठ सहित आगामी त्योहारों से पूर्व बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना और बिहार पारिवारिक पत्रकार सम्मान पेंशन योजना की राशि लाभुकों के बैंक खातों में अंतरित कर दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निदेशानुसार विभाग ने दोनों योजनाओं के तहत प्रत्येक माह की 10 तारीख को पेंशन का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। इस माह मुख्यमंत्री ने त्योहारों से पूर्व पेंशन राशि का भुगतान सुनिश्चित करने का निदेश दिया था।

सेवानिवृत्त पत्रकारों को ₹15,000 और आश्रितों को ₹10,000 की पारिवारिक पेंशन का प्रावधान
बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत पात्र सेवानिवृत्त पत्रकारों को ₹15,000 प्रतिमाह प्रदान किए जाते हैं। बिहार पारिवारिक पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत दिवंगत पत्रकारों के पात्र आश्रितों को ₹10,000 की पारिवारिक पेंशन प्रदान की जाती है।

राज्य सरकार सेवानिवृत्त पत्रकारों की सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध : श्रवण
सूचना एवं जन-सम्पर्क तथा ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा, “राज्य सरकार सेवानिवृत्त पत्रकारों और दिवंगत पत्रकारों के पात्र आश्रितों की सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इसे ध्यान में रखते हुए इस माह दीपावली और छठ से पहले पेंशन का भुगतान सुनिश्चित किया गया है। प्रत्येक माह की 10 तारीख को भुगतान का निर्णय लाभुकों को नियमित रूप से पेंशन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

लाभार्थियों ने दीपावली से पूर्व पेंशन मिलने पर आभार व्यक्त किया
बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के लाभार्थियों ने दीपावली से पूर्व पेंशन मिलने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि त्योहारों के इस विशेष अवसर पर पेंशन की राशि प्राप्त होना हमारे लिए आर्थिक सहयोग से कहीं बढ़कर है। यह हमारे वर्षों के पत्रकारिता जीवन, समर्पण और योगदान के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता का भी प्रतीक है। मुख्यमंत्री की त्वरित पहल से उनको और उनके परवार को बड़ी राहत और खुशी मिली है। इससे दीपावली का पर्व हमारे लिए और भी खास हो गया है।