सामान्य प्रशासन सचिव ने कहा, सीएम के नेतृत्व में हो रहा राज्य का सर्वांगीण विकास
पटना : सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के संवाद कक्ष में आज शुक्रवार 31 जुलाई को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मो. सोहैल ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की दूरदर्शी सोच के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए राज्य के सभी पंचायतों, प्रखंडों और नगर निकायों में प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। 19 मई से शुरू हुए इस अभियान में 30 जुलाई तक करीब एक दर्जन सहयोग शिविरों का आयोजन हुआ। इनमें विभिन्न तरह की समस्याओं से संबंधित 5 लाख 83 हजार 866 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 5 लाख 33 हजार 904 मामलों का समय सीमा के भीतर निपटारा किया जा चुका है। शेष लंबित मामलों के निपटारे की प्रक्रिया तेजी से की जा रही है। शिविर के सबसे ज्यादा मामले भोजपुर, प.चम्पारण, पटना, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर जिलों से सामने आए हैं।
विभाग की उपलब्धियों का किया उल्लेख
मो. सोहैल ने यह भी कहा कि लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सहयोग पोर्टल बनाया गया है, जिस पर कभी भी ऑनलाइन परिवाद दर्ज कराया जा सकता है। साथ ही, नि:शुल्क हेल्पलाइन नंबर 1100 डायल कर सहयोग शिविर से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। विगत समय में सामान्य प्रशासन विभाग की कई उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए श्री सोहैल ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग; बिपार्ड, गयाजी एवं बिपार्ड, पटना को इस वर्ष आईएसओ 9001: 2015 अंतर्राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक का प्रमाणन प्राप्त हुआ है। लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम, 2011 के तहत अभी तक करीब 53.80 करोड़ आवेदनों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है। पंचायत सरकार भवनों में स्थापित लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से 64 से अधिक सेवाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। इससे नागरिकों को अब प्रखंड, अनुमंडल अथवा जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं रह गयी है। सचिव मो. सोहैल के अनुसार, पंचायत स्तर पर अब तक कुल 33 लाख 77 हजार 620 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 33 लाख 48 हजार 776 आवेदनों को सफलतापूर्वक निष्पादित किया जा चुका है। इस व्यवस्था को अधिक दक्ष बनाने के उद्देश्य से दिनांक 23 जून 2026 से प्राप्त होने वाले आवेदनों की स्वत: अपील की व्यवस्था प्रारंभ की गई है। इसके अंतर्गत अब तक कुल 6934 अपील के मामलों में 5503 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है।
19.38 लाख से अधिक परिवादों का निपटारा हुआ
उन्होंने बताया कि बिहार लोक शिकायत निवारण अधिनियम, 2015 के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से हर प्रमंडल में एक लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी और जिले में लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके तहत प्राप्त आवेदनों में 19.38 लाख से अधिक परिवादों का निपटारा किया जा चुका है। प्रेस वार्ता के दौरान श्री सोहैल ने सरकारी सेवक शिकायत निवारण प्रणाली, सरकारी पदाधिकारी एवं कर्मियों का क्षमतावर्धन, मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना, मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली, चल-अचल संपत्ति विवरण, हेल्पलाइन एवं कॉल सेंटर से संबंधित योजनाओं के साथ ही महत्वपूर्ण प्रशानिक निर्णयों से अवगत कराया। इस अवसर पर विशेष सचिव संजय कुमार, बीपीएसएम के अपर मिशन निदेशक मो. राशिद कलीम अंसारी, संयुक्त सचिव मो. आफाक अहमद आदि लोगों की प्रमुख उपस्थिति रही।