पटना : भोजपुरी फाउंडेशन ने वरिष्ठ पत्रकार सैय्यद इकबाल इमाम को बिहार इकाई का अध्यक्ष मनोनीत किया है। श्री इमाम, स्वर्गीय सैय्यद मोहम्मद अलाउद्दीन के पुत्र हैं तथा भोजपुर जिले के घोड़ादेई (पोस्ट-खजुरिया) के निवासी हैं। उनका चयन सर्वसम्मति से किया गया। भोजपुरी फाउंडेशन के प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय ओझा एवं राष्ट्रीय महासचिव कुमार अनिल सिंह ने सैय्यद इकबाल इमाम को बिहार अध्यक्ष के पद का दायित्व औपचारिक रूप से ग्रहण कराया।
इस अवसर पर डॉ ओझा ने कहा बिहार में भोजपुरी शाहाबाद, सारण तथा चंपारण प्रमंडल में स्थित नौ जिलों – भोजपुर, रोहतास, बक्सर, कैमूर, सारण, सिवान, गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण तथा पूर्वी चंपारण में बोली जाती है। बिहार में 1978 से ही भोजपुरी अकादमी गठित है, लेकिन भोजपुरी भाषा को अभी तक मान्यता नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को यथाशीघ्र भोजपुरी भाषा को संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल करना चाहिए तथा बिहार सरकार को इसे द्वितीय राजभाषा का दर्जा देते हुए इसकी पढ़ाई लिखाई की व्यवस्था प्राइमरी स्कूल से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक सुनिश्चित करना चाहिए। कहा कि वरिष्ठ पत्रकार के रूप में श्री इमाम का व्यापक अनुभव भोजपुरी भाषा, साहित्य और संस्कृति के प्रचार-प्रसार को नई दिशा देगा।
नवनियुक्त बिहार अध्यक्ष सैय्यद इकबाल इमाम ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे भोजपुरी भाषा की अस्मिता, सम्मान और विकास के लिए आजीवन समर्पित भाव से कार्य करेंगे। उन्होंने भोजपुरी फाउंडेशन द्वारा इतनी बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा वे तन मन धन से भोजपुरी भाषा एवं संगठन की उन्नति के लिए सेवाभाव से कार्य करेंगे। मौके पर जयप्रकाश सिंह, अनुराग पाण्डेय, पंकज पासवान, राहुल कुमार, कृष्णा , सचिन आदि उपस्थित थे।