मुख्य बिंदु :
1. मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो निर्माण के दौरान नेहरू पथ (बेली रोड) पर सुगम एवं निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक की
2. यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए 11 स्ट्रेच चिन्हित किए गए हैं, वहां आवश्यकता अनुसार सड़कें चौड़ी होंगी, वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था व अन्य सुधारात्मक कार्य होंगे
पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज शनिवार 1 अगस्त 2026 को लोक सेवक आवास के’संकल्प’ सभागार में पथ निर्माण विभाग के कार्यों एवं प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में राजधानी पटना में चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य के मद्देनजर नेहरू पथ (बेली रोड) पर यातायात को सुगम एवं निर्बाध बनाए रखने की व्यवस्था पर विशेष चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान पथ निर्माण सचिव पंकज कुमार पाल एवं पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर पुडुकलकट्टी ने बताया गया कि नेहरू पथ पर 11 स्ट्रेच चिन्हित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इन चिन्हित स्ट्रेच का स्थल निरीक्षण कर वहां की वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप यातायात सुधार के उपाय किए जाएं। जहां आवश्यक हो, वहां सड़क का चौड़ीकरण किया जाए तथा जंक्शन सुधार, बॉटलनेक हटाने और अन्य जरूरी कार्य भी किए जाएं, ताकि यातायात का सुचारु संचालन बना रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेट्रो निर्माण के दौरान लोगों को आवागमन में कम-से-कम असुविधा हो, इसके लिए पथ निर्माण विभाग एवं संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करें।
नेहरू पथ पर वेंडिंग जोन की पहचान करने के लिए कहा
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मेट्रो निर्माण के दौरान लोगों के आवागमन में किसी प्रकार की अनावश्यक बाधा न आए। जिन स्थानों पर निर्माण कार्य के कारण यातायात प्रभावित होने की संभावना है, वहां समय रहते वैकल्पिक मार्ग की पहचान कर समुचित व्यवस्था की जाए। वैकल्पिक मार्गों को भी आवागमन के अनुकूल बनाया जाए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे की गतिविधियों को सुव्यवस्थित किया जाए, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और आम नागरिकों की सुविधा भी बनी रहे। मुख्यमंत्री ने नेहरू पथ पर उपयुक्त वेंडिंग जोन की पहचान करने का भी निर्देश दिया।
समग्र कार्ययोजना पर तेजी से काम करने का दिया निर्देश
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पथ निर्माण विभाग, पटना मेट्रो से संबंधित एजेंसियों, जिला प्रशासन एवं यातायात पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ट्रैफिक मैनेजमेंट, वैकल्पिक मार्ग, आवश्यकतानुसार सड़क चौड़ीकरण तथा अन्य यातायात सुधार कार्यों की समग्र कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जाए।
विकास कार्यों के साथ नागरिकों की सुविधा भी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में विकास कार्यों के साथ-साथ नागरिकों की सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। पटना मेट्रो के निर्माण के दौरान नेहरू पथ सहित प्रभावित क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम समयबद्ध तरीके से उठाए जाएं।
ये सभी रहे मौजूद
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सह नगर विकास एवं आवास सचिव संदीप कुमार आर पुडुकलकट्टी, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, पटना डीएम कुंदन कुमार, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।