विधायकों के लिए बन रहे स्पोर्ट क्लब की समीक्षा के दौरान विस अध्यक्ष ने दी सहमति
पटना : बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने आज़ सोमवार 27 जुलाई को अपने कार्यालय कक्ष में वीरचन्द पटेल पथ, पटना के नवनिर्मित विधायक आवास परिसर के लिए स्पोर्ट क्लब एवं अन्य व्यवस्था पर मूलभूत सुविधा प्रदान करने के संबंध में भवन निर्माण विभाग, बिहार राज्य भवन निर्माण निगम, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग के वरीय पदाधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक में अध्यक्ष ने विधायकों के लिए बनाए जा रहे स्पोर्ट क्लब की समीक्षा की । मुख्य वास्तुविद, भवन निर्माण विभाग ने बताया कि इस स्पोर्ट क्लब में तीन बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस, पैडल बॉल, पिकल बॉल, योगा और मेडिटेशन सेंटर सहित जिम की सुविधाएं होंगी । इसके अतिरिक्त एक लाउंज का भी निर्माण किया जाएगा जिसमे बिलियर्ड्स टेबल भी लगाया जाएगा। अध्यक्ष ने इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति दी। तत्पश्चात खेल विभाग के सचिव ने सुझाव दिया कि 40 वर्ष से ऊपर के विधायकों के लिए पिलाटेस लगाना श्रेयस्कर होगा, क्योंकि ज़्यादा उम्र के सदस्यों के लिए फिटनेस ज़्यादा महत्वपूर्ण है। अध्यक्ष ने इस सुझाव को अपनी स्वीकृति देते हुए विधायकों के परिवार एवं बच्चों के लिए भी खेल की मूलभूत सुविधाएं विधायक आवास परिसर में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में सचिव खेल विभाग, प्रबंध निदेशक, बिहार राज्य भवन निर्माण निगम, महानिदेशक , बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, मुख्य वास्तुविद, भवन निर्माण विभाग सहित सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।