पटना : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने शनिवार 25 जुलाई को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के जनसंपर्क अभियान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक सीट का नहीं, बल्कि अहंकार बनाम संस्कार की लड़ाई है। बिहार की जनता सदैव विनम्रता, सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों को प्राथमिकता देती है तथा अभद्र राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करती।
श्री सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और चुनाव के समय प्रत्याशी याचक के रूप में आशीर्वाद मांगने जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर चुनाव प्रचार में ऐसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं जो लोकतांत्रिक मर्यादा के विपरीत है। चुनावी सभा में उनका यह कहना कि “पिछले चुनाव में आपने भाजपा को वोट दिया था, इस बार हमें वोट नहीं देंगे तो पछताना पड़ेगा”, जनसम्मान और संवाद के सिद्धांतों के खिलाफ है। भाजपा कार्यकर्ता संस्कार और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखते हैं। किसी प्रतिद्वंद्वी पर अशोभनीय टिप्पणी करना हमारी संस्कृति नहीं है।
श्री सिन्हा ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के विरुद्ध अभद्र भाषा का प्रयोग लाखों संघर्षशील युवाओं का अपमान है। किसी की आर्थिक पृष्ठभूमि या शिक्षा का उपहास उड़ाना भारतीय संस्कृति के सर्वथा विपरीत है। बांकीपुर की जनता अहंकार नहीं, बल्कि संस्कार और विकास के पक्ष में जनादेश देगी। श्री सिन्हा ने रोटरी भवन, महिला संवाद सिपारा, मीठापुर में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया।