पटना : बिहार विधान परिषद् में विभिन्न श्रेणी के 50 पदों पर हुई बहाली रद्द करने के अगले ही दिन यहां नियुक्तियों के लिए अलग प्रक्रिया अपनाने का निर्णय लिया गया है। मालूम हो कि ये बहालियां पूर्व सभापति अवधेश नारायण सिंह के कार्यकाल में हुई थीं।
बिहार विधान परिषद् सचिवालय द्वारा शुक्रवार 20 नवम्बर को दी गई जानकारी के मुताबिक आगे से यहां समूह (ख) के पदों पर नियुक्तियां बीपीएससी, समूह (ग) के पदों पर बिहार कर्मचारी चयन आयोग तथा सुरक्षा प्रहरी के पदों पर केंद्रीय चयन पर्षद बिहार द्वारा की जाएंगी। इसके लिए बिहार विधान परिषद् के कार्यकारी सभापति प्रो. (डॉ ) रामवचन राय द्वारा राज्य सरकार को प्रस्ताव भेज दिया गया है। यह जानकारी बिहार विधान परिषद के जनसंपर्क पदाधिकारी अजीत रंजन ने दी है।
गौरतलब है कि पहले ये नियुक्तियां परिषद सचिवालय द्वारा की जाती थीं। हाल में इन नियुक्तियों को लेकर सवाल उठा है। मामला कोर्ट में भी चल रहा है।