दो दिवसीय आवासीय कार्यक्रम का बिपार्ड, गयाजी में हुआ समापन
पटना : बिहार विधान सभा सचिवालय, बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) तथा प्राइड (लोकसभा सचिवालय) के संयुक्त तत्वावधान में बिहार विधान सभा के सदस्यों के लिए आयोजित दो दिवसीय आवासीय “प्रबोधन कार्यक्रम” का रविवार 12 जुलाई को बिपार्ड, गयाजी में समापन हुआ। कार्यक्रम के समापन के उपरांत बिहार विस अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम की उपलब्धि की जानकारी मीडिया से साझा की। कहा कि यह अत्यंत संतोष और प्रसन्नता का विषय है कि इस प्रबोधन कार्यक्रम में भाजपा, जदयू, कांग्रेस, बसपा, भाकपा, सहित सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के सदस्य शामिल होकर यह संदेश दिया कि लोकतंत्र की मजबूती, संसदीय परंपराओं के संरक्षण तथा जनहित सर्वोपरि रखने के प्रश्न पर सभी दल एकजुट हैं।
कार्यक्रम सार्थक संवाद एवं ज्ञान–विनिमय का मंच बना : अध्यक्ष
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में सत्ता पक्ष एवं विपक्ष—दोनों के सदस्यों ने समान उत्साह, गंभीरता और सकारात्मक भावना के साथ भागीदारी की। कार्यक्रम के दौरान संसदीय कार्यप्रणाली, विधायी दायित्वों, सदन की मर्यादा, संसदीय परंपराओं तथा जनप्रतिनिधियों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिए गए। सदस्यों ने भी पूरे मनोयोग से सहभागिता करते हुए प्रश्न पूछे, अपने अनुभव साझा किए और विषयों पर गंभीर चर्चा की। इससे यह कार्यक्रम केवल औपचारिक आयोजन न रहकर एक सार्थक संवाद एवं ज्ञान-विनिमय का प्रभावी मंच बन गया। मुझे विश्वास है कि इस प्रबोधन कार्यक्रम से प्राप्त ज्ञान, अनुभव एवं सुझाव सदस्यों के संसदीय दायित्वों के निर्वहन को और अधिक प्रभावी बनाएंगे। इससे सदन की कार्यवाही की गुणवत्ता, लोकतांत्रिक विमर्श की गरिमा तथा जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विधायी कार्यों को नई ऊर्जा प्राप्त होगी। इस अवसर पर कृषि मंत्री–सह–गयाजी जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा एवं लोक सभा सांसद जगदम्बिका पाल उपस्थित रहे।
विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधि हुए शामिल
विभिन्न प्रबोधन सत्रों में सीपीआई (एम) के अजय कुमार, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अख्तरूल ईमान, बसपा के सतीश कुमार सिंह यादव, सीपीआई (एमएल) के संदीप सौरभ एवं कांग्रेस के मो. कमरूल होदा ने भी अपने विचार रखे। प्रश्नोत्तर सत्र में भी विपक्ष के विधायकों ने बढ़–चढ़कर हिस्सा लिया। एआईएमआईएम के मो. मुर्शिद आलम, मो. सरवर आलम, मो. गुलाम सरवर, सीपीआई (एमएल) के अरुण सिंह, कांग्रेस के मनोज विश्वास एवं सुरेन्द्र प्रसाद की उपस्थिति कार्यक्रम में रही।
उपराष्ट्रपति ने किया उद्घाटन, सीएम व गवर्नर रहे मौजूद
उल्लेखनीय है कि इस दो दिवसीय आवासीय प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन गत 11 जुलाई, 2026 को उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने किया था। उद्घाटन अवसर पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सय्यद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी तथा बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह की उपस्थिति रही थी।