पटना : बांकीपुर विधान सभा क्षेत्र के उपचुनाव में निर्वाचित सदस्य प्रशांत किशोर (पीके) ने आज रविवार 17 अगस्त, 2026 को बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के समक्ष उनके कार्यालय कक्ष में शपथ ग्रहण किया। शपथ ग्रहण के उपरांत अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने प्रशांत किशोर को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा जनप्रतिनिधि के रूप में उनके सफल कार्यकाल की कामना की। अध्यक्ष ने पीके को बिहार विधान सभा की प्रक्रिया एवं कार्यसंचालन नियमावली की पुस्तिका भी भेंट की। 
लोकतंत्र में प्रत्येक जनप्रतिनिधि की महत्वपूर्ण भूमिका : डा. प्रेम
अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में जनता द्वारा निर्वाचित प्रत्येक जनप्रतिनिधि की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्हें अपने क्षेत्र की जनता की आकांक्षाओं और समस्याओं को सदन के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाने तथा राज्य के विकास में सकारात्मक योगदान देने का प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर सभा सचिवालय की प्रभारी सचिव सहित वरीय पदाधिकारी एवं अन्य प्रमुख उपस्थित रहे।

यह मेरे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी : पीके
विधायक पद की शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि जिस सदन के सदस्य भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर, श्री बाबू, अनुग्रह नारायण जी, नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव, रामविलास पासवान और सुशील मोदी रहे हैं, उस सदन के सदस्य के तौर शपथ लेना मेरे लिए गौरव की बात है। ये मेरे लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।
नितिन नवीन के राज्यसभा जाने से खाली हुई थी सीट
बांकीपुर विधान सभा सीट वर्ष 2025 में भाजपा के नितिन नवीन ने जीती थी। अभी वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। नितिन नवीन के राज्यसभा जाने से यह सीट खाली हुई थी। उपचुनाव में भाजपा ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया था। मगर पीके ने नीरज को 20 हजार से अधिक वोटों से हराया।