पटना : सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री और बिहार हॉकी संघ के अध्यक्ष श्रवण कुमार ने सूबे के प्रतिभावान हॉकी खिलाड़ी सावन कुमार को आज सोमवार 27 जुलाई को सम्मानित किया। श्री कुमार ने सूचना भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम के गोलकीपर सावन कुमार को सम्मानित किया। बिहार निवासी सावन कुमार ने हाल ही में ओमान की राजधानी मस्कट में 20 से 25 जुलाई 2026 तक आयोजित ‘अंडर-18 यूथ हॉकी एशिया कप-2026’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
बिहार के प्रतिभावान खिलाड़ियों को सरकार दे रही हर संभव मदद
इस मौके पर मंत्री श्री कुमार ने कहा कि राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं। सरकार ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और समर्थन देने में पूरी तरह संकल्पित है। खिलाड़ियों को हर संभव मदद दी जा रही है, ताकि वे अपना पूरा ध्यान खेल पर केंद्रित कर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। सावन कुमार ने बेस्ट गोलकीपर तथा प्लेयर ऑफ द फाइनल मैच का पुरस्कार अपने नाम किया। फाइनल मैच में भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से हराकर खिताब जीता। इससे पहले सावन कुमार ने जापान में आयोजित एशियन हॉकी टूर्नामेंट (अंडर-18) में शानदार खेल दिखाते हुए भारत को गोल्ड मेडल दिलाया था। मंत्री ने बताया कि सावन कुमार का दिसंबर में होने वाले अंडर-18 हॉकी विश्व कप के लिए भी चयन हो चुका है। वे बिहार से चयनित होने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं, जो पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।
खिलाड़ियों को सालाना 20 लाख रुपये तक की सहायता
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार छात्रवृत्ति योजना के तहत खिलाड़ियों को सालाना 20 लाख रुपये तक की सहायता देती है। साथ ही आधुनिक खेल मैदानों, उपकरणों और अन्य सुविधाओं का भी निरंतर विकास किया जा रहा है। गांव-गांव से प्रतिभाओं को खोजने और निखारने का काम भी सरकार सक्रिय रूप से कर रही है। इन सभी कोशिशों का सफल नतीजा खिलाड़ियों के प्रदर्शन में दिख रहा है। सम्मान कार्यक्रम में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (बीएसएसए) के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रन शंकरण आदि उपस्थित थे।