पटना : महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित राष्ट्रीय मास्टर क्लासिक पॉवरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में बिहार की बेटी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रौशन किया है। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग की सहायक प्रशाखा पदाधिकारी स्मिता कुमारी ने 76 किग्रा भार वर्ग (क्लासिक श्रेणी) में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किए हैं। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जीतने पर सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार तथा निदेशक अनिल कुमार ने स्मिता कुमारी को हार्दिक बधाई देते हुए सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्मिता कुमारी ने स्कवैट्स और बेंच प्रेस श्रेणी में स्वर्ण पदक प्राप्त किया तथा डेडलिफ्ट श्रेणी में रजत पदक जीता है। साथ ही, वे प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में “स्ट्रॉन्ग वूमेन ऑफ द टूर्नामेंट” श्रेणी में द्वितीय उपविजेता भी घोषित की गयी।