पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत आज सोमवार 20 जुलाई 2026 को पटना के पाटलिपुत्र जंक्शन से शुरूआत की। इस मौके पर 1,150 विशिष्ट यात्रियों के जत्थे के स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने इन यात्रियों से ट्रेन में जाकर भेंट की और सुविधाओं की जानकारी ली और उनके सुखद यात्रा की कामना की। सीएम ने कहा कि यात्रा के साथ जा रहा ध्वज एवं कलश बिहार की आस्था, स्वाभिमान तथा समृद्धि के प्रतीक है।
डमरू वादन और शंख ध्वनि के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
दीप प्रज्वलन, डमरू का वादन और शंख ध्वनि के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने बिहारवासियों की तरफ से एक यात्री शोभा सिंह को कलश तथा अजीत कुमार को ध्वज सौंपा। कार्यक्रम का आयोजन सोमनाथ स्वाभिमान पर्व (अटूट आस्था की गौरव गाथा) की भावना के अनुरूप श्रद्धा, सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्रीय गौरव के वातावरण में संपन्न हुआ।
यह यात्रा कई राज्यों से होकर गुजरेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा कई राज्यों से होकर गुजरेगी। कहा कि हजार वर्ष पूर्व सोमनाथ मंदिर को लूटा गया। नालंदा विश्वविद्यालय को भी आक्रांताओं ने बर्बाद किया। 75 वर्ष पूर्व सोमनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया, जिसमें बिहार के लाल डॉ. राजेन्द्र प्रसाद शामिल हुये थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालंदा विश्वविद्यालय को पुन:स्थापित किया। यह यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि बिहार की सनातन परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक चेतना का संदेश पूरे देश तक पहुँचाने का माध्यम है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारीगण एवं सोमनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु उपस्थित थे।