पटना : ट्रेन में रिजर्वेशन नहीं है…कोई चिन्ता नहीं…! बसों से बिहार अपने घर आइए…! बिहार से 155 अंतर्राज्यीय त्योहारी बसें शुरू…!! मंत्री दामोदर रावत ने दिखाई हरी झंडी…कहा, जल्द बसों की संख्या होगी 200…! प्रकाश पर्व के दौरान भी चलेगी अंतर्राज्यीय बसें…! बिहार सरकार ने त्योहारों के मौसम में बाहर से लौटने वाले लोगों के लिए खास उपाय किए हैं। त्योहारों के दौरान यात्रियों को अपने घर-परिवार तक सुगम एवं किफायती यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने गुरुवार यानी 5 नवम्बर, 2026 को 155 अंतर्राज्यीय बसों को हरी झंडी दिखाई। यह बसें फुलवारीशरीफ बस डिपो से रवाना हुई।
बसों की बुकिंग पर दिया गया 6 लाख अनुदान, 5 दिनों में 746 टिकट बुक
इस मौके पर परिवहन मंत्री दामोदर रावत मंत्री ने बताया कि बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की बसों में 1 नवंबर से अबतक 746 टिकट बुक हो चुके हैं, जिन पर करीब 6 लाख रुपये का अनुदान दिया जा चुका है। श्री रावत ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयास से छठ पर प्रवासी बिहारियों को काफी सहूलियत होगी। निगम ने एसी, नॉन-एसी, सीटर एवं स्लीपर श्रेणी की बसें उपलब्ध कराई हैं। जल्द बसों की संख्या बढ़ाकर 200 कर दी जाएगी।
20 नवंबर तक दिल्ली, हरियाणा, यूपी, बंगाल और झारखंड के लिए चलेगी बसें
मंत्री ने बताया कि विशेष अंतर्राज्यीय बसों का परिचालन 5 नवंबर से 20 नवंबर तक किया जाएगा। इसके अंतर्गत पटना, मुजफ्फरपुर, गयाजी, पूर्णिया, दरभंगा और भागलपुर प्रमंडलों से दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के लिए 155 बसें चलेंगी। इनमें से 32 बसें निगम की तथा 123 बसें पीपीपी मॉडल के अंतर्गत संचालित की जा रही हैं। बसों में यात्रियों के लिए पानी एवं दही की व्यवस्था है।
– दिल्ली – 77
– हरियाणा – 60
– झारखंड – 12
– उत्तर प्रदेश – 3
– पश्चिम बंगाल – 3
कुल – 155
रूटवार बसों के परिचालन का विवरण
दिल्ली : अररिया, भागलपुर, दरभंगा, गया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्णिया, शेखपुरा, सीतामढ़ी, सिवान, सुपौल, मोतिहारी एवं लखीसराय से दिल्ली के लिए
हरियाणा : अररिया-गुरुग्राम, भागलपुर-अंबाला, दरभंगा-अंबाला, गया-अंबाला, गया-गुरुग्राम, पटना-अंबाला, पटना-गुरुग्राम, पटना-पानीपत, पूर्णिया-अंबाला एवं पूर्णिया-पानीपत सहित विभिन्न मार्गों पर
झारखंड : आरा-धनबाद, आरा-रांची, पटना-गुमला, पूर्णिया-रांची, नवादा-रांची, गया-रांची, मुजफ्फरपुर-रांची, पटना-रांची एवं पटना-हजारीबाग सहित विभिन्न मार्ग पर
उत्तर प्रदेश : किशनगंज-गाजियाबाद, लखनऊ-गया, पटना-गाजियाबाद, जटही-अयोध्या एवं गया-वाराणसी
पश्चिम बंगाल : बेगूसराय-कोलकाता, बेतिया-सिलीगुड़ी, छपरा-सिलीगुड़ी, फारबिसगंज-कोलकाता, गया-कोलकाता, गोपालगंज-सिलीगुड़ी, मोतिहारी-सिलीगुड़ी, पटना-कोलकाता, पूर्णिया-सिलीगुड़ी एवं दरभंगा-सिलीगुड़ी
प्रकाश पर्व के दौरान भी चलेगी अंतर्राज्यीय बसें : सचिव
परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार ने कहा कि आगामी दिनों में प्रकाश पर्व पर भी बड़ी संख्या में अंतर्राज्यीय बसों का परिचालन किया जाएगा। ये बसें विभिन्न राज्यों के जिलों से बिहार के लिए चलेगी। इस मौके पर निगम के प्रशासक अतुल कुमार, राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन, निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी, परिवहन एजेंसियों के प्रतिनिधि, यात्री एवं अन्य मौजूद थे। निगम की आधिकारिक वेबसाइट https://bsrtc.bihar.gov.in/ पर टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है।