पटना : भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य, पूर्व राज्यसभा सांसद और SIS ग्रुप के संस्थापक – चेयरमैन डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा का आज शुक्रवार 30 अक्टूबर, 2026 को नोएडा स्थित आवास पर निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए दिल्ली से पटना स्थित अन्नपूर्णा भवन, पाटलिपुत्र लाया गया।
डा. सिन्हा ने बतौर पत्रकार पटना से अपना कॅरियर शुरू कर अंतराष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रौशन किया। उद्यमी और सामाजिक सरोकार के अगुवा रहे डॉ. आरके सिन्हा ने शुक्रवार सुबह अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से कोमा में थे। हर मुमकिन प्रयास के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। हरदिल अजीज डा. सिन्हा का व्यवहार सबसे हमेशा मित्रवत होता था। दर्जनों संस्थाओं से वे सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे।
डा. सिन्हा के पुत्र ऋतुराज सिन्हा अभी भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी हैं। संस्कार और नेतृत्व क्षमता ऋतुराज सिन्हा को अपने पिता से विरासत में मिली है। मनीष किशोर ने कहा कि डॉ. सिन्हा का अंतिम संस्कार पटना में ही होगा। इसकी विस्तृत जानकारी जल्द दी जाएगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी डा. सिन्हा के निधन पर शोक व्यक्त किया
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी डा. सिन्हा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि जनसंघ एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व राज्यसभा सांसद आदरणीय आर. के. सिन्हा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। पत्रकारिता, समाजसेवा एवं संगठन के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका निधन राजनीतिक एवं सामाजिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। कहा है कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें।
विस अध्यक्ष ने गहरी शोक-संवेदना जताई
बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने जनसंघ एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व राज्यसभा सांसद आर. के. सिन्हा जी के निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की है। कहा है कि वह बिहार के विकास के लिए वे सदैव तत्पर रहे। उनका जाना बिहार के सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। इस दुःख की घड़ी में उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना है।
संगठन के प्रति समर्पण व मार्गदर्शन स्मरणीय रहेगा : सरावगी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा है कि डा. सिन्हा का संगठन के प्रति उनका समर्पण और मार्गदर्शन सदैव स्मरणीय रहेगा। सरावगी ने कहा कि उनके निधन से उत्पन्न शून्य की भरपाई करना कठिन है।
पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति : संजय मयूख
विधान पार्षद संजय मयूख ने कहा है कि उनके निधन से राजनीतिक, सामाजिक और पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने गहरा शोक व्यक्त किया
डा. आर.के. सिन्हा के निधन पर बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलाल खेतान ने गहरा शोक एवं संवेदना व्यक्त की है। श्री खेतान ने अपने कहा है कि आर.के. सिन्हा का निधन न केवल बिहार, बल्कि देश के औद्योगिक एवं उद्यमिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।