पटना : बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज मंगलवार 21 जुलाई को अपने कार्यालय कक्ष में उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि बिहार विधान मंडल के सदस्यों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के विषय में जागरूक करने, विविध क्षेत्रों में AI के उपयोग एवं मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के अनुश्रवण हेतु विकसित PMIS ( प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग इन्फॉर्मेशन सिस्टम) पोर्टल के उपयोग पर एक कार्यशाला विधानसभा में आयोजित की जायेगी।
इस कार्यशाला का उद्देश्य सदस्यों को AI की मूल अवधारणाओं से परिचित कराना, विधायी कार्यों, नीति निर्माण एवं जनसेवा में AI के उपयोग की जानकारी देना तथा मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के अनुश्रवण हेतु विकसित PMIS ( प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग इन्फॉर्मेशन सिस्टम) पोर्टल के उपयोग पर प्रशिक्षित करना है।
अध्यक्ष ने संबंधित पदाधिकारियों को इससे संबंधित तैयारियां शीघ्र पूरी करने का निदेश दिया। बैठक में योजना एवं विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव एन विजयालक्ष्मी, संसदीय कार्य विभाग के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल चोंग्थू, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के विशेष सचिव एवं सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।