पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज बुधवार 2 सितंबर, 2026 को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में कुल 27 एजेंडों पर मुहर लगी। कैबिनेट में लिए गए निर्णयों की जानकारी मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने दी। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि राजधानी पटना की सबसे प्रमुख सड़क नेहरू पथ (बेली रोड) डाकबंगला चौराहा से रूकनपुरा तक चौड़ी होगी। इस कार्य के लिए राशि की स्वीकृति दी गई है। इस सड़क के 7.20 किमी में चौड़ीकरण करने का प्रस्ताव है। लोहिया पथ फ्लाइओवर, राजा बाजार फ्लाइओवर के दोनों तरफ सर्विस लेन में सड़क पर अतिक्रमण रोकने के लिए 5 किमी ग्रिल लगाने की योजना है। चौड़ीकरण के दौरान मार्ग में आने वाले यूटीलिटी, पेड़ समेत अन्य को शिफ्ट करने का प्रावधान किया गया है।
नेहरू पथ के चौड़ीकरण के लिए 39 करोड़ जारी
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि राजधानी पटना की सबसे प्रमुख सड़क नेहरू पथ (बेली रोड) डाकबंगला चौराहा से रूकनपुरा तक के चौड़ीकरण कार्य के लिए 39 करोड़ 80 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस सड़क के 7.20 किमी में चौड़ीकरण करने का प्रस्ताव है। इस पथ पर मौजूद अलग-अलग हिस्से में नाला, फुटपाथ समेत अन्य को तोड़कर चौड़ीकरण करने का भी प्रावधान है। कोतवाली थाना के पास 150 मीटर, नियोजन भवन के पास 400 मीटर, बीपीएससी ऑफिस के पास 500 मीटर और मौर्यलोक के पास 110 मीटर में चहारदीवारी को शिफ्ट करने का प्रावधान किया गया है। बेली रोड को अतिक्रमण से निजात दिलाने के लिए सरकार ने सख्त फैसला लिया है।