बीआरबीजे न्यूज, पटना, 14 अक्टूबर, 2025 :
बिहार विधानसभा चुनाव – 2025 को लेकर बड़ी खबर है। सीटों को लेकर एनडीए में मचे घमासान के बीच भाजपा ने अपने 71 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पटनासाहिब और कुम्हरार विधानसभा सीट पर नये प्रत्याशी को उतारा गया है। पटनासाहिब से नंदकिशोर यादव और कुम्हरार से अरुण कुमार सिन्हा का टिकट कट गया है। खास बात यह है कि इस बार उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री मंगलपांडेय भी विधानसभा के चुनावी अखाड़े में कूदेंगे। दोनों अभी विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) हैं। सम्राट तारापुर तो मंगल सीवान से भाजपा के उम्मीदवार होंगे।

सूची में विजय सिन्हा, तारकिशोर, रेणु देवी, प्रेम कुमार एवं नितिन नवीन भी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में भाजपा चुनाव समिति की बैठक 12 अक्टूबर को संपन्न हुई थी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, अमित शाह एवं केन्द्रीय चुनाव समिति के तमाम सदस्य शामिल हुए। चुनाव लड़ने वालों की इस सूची में पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ ही उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी, डॉ. प्रेम कुमार, मंगल पांडे, कृष्ण कुमार ऋषि, राम नारायण मंडल एवं नितिन नवीन के नाम भी शामिल हैं।
पटना साहिब और कुम्हरार सीट पर नये प्रत्याशी
लखीसराय से उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, दीघा से संजीव चौरसिया, बांकीपुर से नितिन नवीन, कुम्हरार से संजय गुप्ता, दानापुर से रामकृपाल यादव, पटना साहिब से रत्नेश कुशवाहा, गया से प्रेम कुमार, जमुई से श्रेयसी सिंह सहित कुल 71 प्रत्याशियों का नाम बीजेपी की पहली लिस्ट में मौजूद है. पटना साहिब और कुम्हरार विधानसभा सीट पर नये प्रत्याशी को उतारा गया है। पटना साहिब से नंदकिशोर यादव और कुम्हरार से अरुण कुमार सिन्हा का टिकट कट गया है। बता दें कि सीट बंटवारे के बाद बीजेपी को एनडीए गठबंधन में 101 सीटें मिली हैं, शेष सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा अगली सूची में की जाएगी।




