बीआरबीजे न्यूज, पटना, 20 अप्रैल, 2025 :
जदयू के प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट डॉ. मधुरेंदु पांडेय ने आरोप लगाया है कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव को विपक्ष के नेता के तौर पर संविधान द्वारा प्रदत अपने कर्तव्यों तथा अधिकारों की सीमाओं की जानकारी नहीं है। पिछले लोकसभा चुनाव और बिहार विधानसभा की चार सीटों पर हुए उपचुनाव चुनाव में करारी शिकस्त खाए नेता प्रतिपक्ष संवैधानिक तथा वैधानिक मूल्यों को ध्वस्त करने का प्रयास कर रहे हैं। झूठा एवं भड़काऊ बयान देकर बिहार की जनता के बीच भ्रम फैला रहे हैं।
बिहार के मान सम्मान को धूमिल करने का प्रयास कर रहे
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके अमर्यादित तथा अशोभनीय वक्तव्यों से ऐसा प्रतीत होता है कि वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य के सर्वांगीण विकास और युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के लिए अनवरत क्रियाशील है, वहीं नेता प्रतिपक्ष अपने अमर्यादित बयानों से देश में बने बिहार की मान सम्मान को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
महिला संवाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अच्छी पहल
डॉ. पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और विकास के प्रति अपने दो दशक के कार्यकाल में महिलाओं को सम्मान दिया है। इसके लिए विद्यार्थियों के साथ साथ उम्रदराज महिलाओं के लिए कई ऐसे कार्यक्रम एवं योजनाओं को क्रियान्वित कर बिहार में महिला सशक्तीकरण किया है। उसीका परिणाम है कि आज महिलाएं स्वयं निर्णय लेने में सक्षम हैं। महिला संवाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अच्छी पहल है। इससे महिलाओं को और मजबूती मिलेगी।