बीआरबीजे न्यूज, पटना, 2 मई, 2025 :
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने कहा है कि ताजमहल जाकर स्टूल पर बैठकर अगर फोटो नहीं खिंचाया तो जीवन नष्ट हो जाएगा, यह सोच गुलामी मानसिकता का प्रतीक है। इसकी जगह अयोध्या में रामलला का दर्शन कर देश की संस्कृति और अध्याम को आगे बढ़ाना बेहतर है। यह खुशी की बात है कि इस बार ताजमहल से अधिक लोगों ने रामलला का दर्शन किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से लोग अब धर्म, संस्कृति और भारतीय परम्पराओं को महत्व दे रहे हैं। सत्ता में आने के बाद से मोदी सरकार ने कई सराहनीय काम किए हैं। श्री संतोष गुरुवार को पटना के एक होटल में पुस्तक लोकार्पण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
युवा वर्ग कुंभ को नगा साधु, पायलट बाबा और मोनालिसा के रूप में जान रहा
गौरतलब है कि भाजपा में जो दायित्व मूलत: कर्नाटक के श्री संतोष निभा रहे हैं, वह आरएसएस से जुड़े किसी वरिष्ठ शख्स को सौंपा जाता है। श्री संतोष ने आगे कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में युवा वर्ग कुंभ को नगा साधु, पायलट बाबा और मोनालिसा के रूप में जान रहे हैं। यह गुलामी मानसिकता का द्योतक है। इस मानसिकता से बाहर निकलना चाहिए। कोशिश हो कि लोग कुंभ को उस विशिष्ट संयोग के रूप में जानें कि किस खास खगोलीय घटनाक्रम के तहत यह सुअवसर आता है। यह भी जानें कि इसका धार्मिक-आध्यात्मिक महत्व क्या है।
मीडिया, सोशल मीडिया और इंटेलिजेंसिया का बड़ा वर्ग लोगों में भ्रम फैला रहा
श्री संतोष यहीं नहीं रूके, उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक स्टेटमेंट नहीं, बल्कि हकीकत है कि देश आगे बढ़ रहा है। देश 5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से अग्रसर है। नरेन्द्र मोदी की सरकार में देश विश्व की अर्थव्यवस्था में 11वें स्थान से ऊपर 5वें स्थान पर पहुंच गया है। वर्ष 2030 तक इसके तीसरे स्थान पर पहुंच जाने की उम्मीद है। लेकिन, मीडिया, सोशल मीडिया और इंटेलिजेंसिया का एक बड़ा वर्ग है जिसे विकास का नहीं दिखता, वह लोगों में भ्रम फैलाने में लगा है।
सुरेश रूंगटा की पुस्तक अमृतकाल में स्वर्णिम यात्रा पर भारत का लोकार्पण किया
श्री संतोष ने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता, वरिष्ठ नेता व लेखक सुरेश रूंगटा की नव प्रकशित पुस्तक अमृतकाल में स्वर्णिम यात्रा पर भारत के लोकार्पण को लेकर पटना में थे। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार प्रदेश के प्रभारी विनोद तावड़े़, बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट् चौधरी, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, विमल जैन और प्रभात प्रकाशन के पीयूष ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में भाजपा और आरएसएस से जुड़े बड़ी संख्या में प्रमुख लोगों की शिरकत रही।