बीआरबीजे न्यूज, पटना, 28 अक्टूबर, 2025 :
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने महागठबंधन द्वारा घोषित मेनिफेस्टो पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि तेजस्वी यादव सपने बेचने की कोशिश कर रहे हैं। मेनिफेस्टो के नाम पर तेजस्वी यादव और महागठबंधन के लोगों ने झूठे वायदों का पुलिंदा जारी किया है। बिहार की जनता को मालूम है कि यह लोग वायदे करते हैं और वायदे के नाम पर बिहार में एकबार फिर जंगलराज स्थापित करना चाहते हैं।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि महागठबंधन का घोषणापत्र में हकीकत कुछ भी नहीं है। हकीकत सिर्फ यह है कि इसके जरिए बिहार में महागठबंधन के लोग फिर से जंगलराज स्थापित करने के सपने देख रहे हैं लेकिन बिहार की पब्लिक सब जानती है, सबको पहचानती है…। कौन बिहार का विकास करेगा.. कौन बिहार का विनाश करेगा.. यह बिहार के लोग भली-भांति जानते हैं इसीलिए एक बार फिर से बिहार में एनडीए की सरकार 14 नवंबर को बनने जा रही है।
जंगलराज के नायक से बिहार के लोगों को सावधान किया
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बिहार की जनता को सावधान किया। उनसे अपील की कि आप महागठबंधन और तेजस्वी यादव के झांसे में बिल्कुल ना आए। तेजस्वी दावा कर रहे हैं कि बिहार को क्राइम फ्री बनाएंगे जबकि पूरा बिहार जानता है कि बिहार को अपराध के दलदल में धकेलने वाले तो कोई और नहीं राजद के लोग हैं। अगर गलती से राजद के लुभावने वादे में बिहार की जनता फंस गई तो बिहार में एक बार फिर से जंगल राज की शुरुआत हो जाएगी। महागठबंधन का वर्तमान और अतीत यही है कि यह गुंडाराज का संरक्षक है। यह जंगलराज के नायक है।
ये सिर्फ अराजकता फैलाना जानते हैं, इसके सबसे बड़े नायक तेजस्वी
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने महागठबंधन के मेनिफेस्टो पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि ये लोग सिर्फ अराजकता फैलाना जानते हैं और इसके सबसे बड़े नायक तेजस्वी यादव है।बिहार को बर्बाद करने में राष्ट्रीय जनता दल और लालू परिवार ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ा था। 1990 से 2005 के बीच लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की तस्वीर बदल चुकी है। अब बिहार की जनता अराजक लोगों को कभी सत्ता नहीं सौपेगी। जंगल राज की आहट भर से बिहार की जनता कांप जाती है। ऐसे जंगलराज के नायक को बिहार की जनता सबक सिखाने का मन बना चुकी है।
तेजस्वी बताएं, जंगल राज के दौरान कितनी नौकरी दी थी
नित्यानंद राय ने कहा कि मैं तेजस्वी यादव जी से पूछना चाहता हूं कि आपने अपने जंगल राज के दौरान कितनी नौकरी दी थी? कितने सड़क बनवाई थे? कहां कहां बिजली दी थी? हां आप लोगों ने नौकरी के बदले जमीन लिखवाई अपहरण का उद्योग लगाया था। तेजस्वी यादव, गरीब, दलित पिछड़े लोगो के लिए क्या किया? अपने 15 साल के शासनकाल के बारे में बिहार की जनता को क्यों नही बता रहे हैं।
भाजपा अपना संकल्प पत्र पूरा करती है
बिहार भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और उजियारपुर से लोकसभा सांसद नित्यानंद राय ने कहा कि भाजपा जो संकल्प पत्र जारी करती है वह पूरा करती है। भारतीय जनता पार्टी ने वादा किया था कि हम राम मंदिर बनाएंगे। हमने राम मंदिर बना दिया। भारतीय जनता पार्टी ने वादा किया था कि हम मां सीता का भव्य मंदिर उनके जन्म स्थान बिहार के पुनौरा धाम में बनाएंगे तो मां सीता के भव्य मंदिर के निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। पार्टी ने वादा किया था कि जम्मू कश्मीर से धारा 370 को हटाएंगे तो भाजपा ने धारा 370 को हटा दिया। NDA ने वादा किया है कि बिहार को विकसित बिहार 2047 तक बनाएंगे तो इस संकल्प को भी पूरा करेंगे।
तेजस्वी के मेनिफेस्टो के ज्यादातर वायदे तो बिहार सरकार ने लागू कर दिए
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव को याद दिलाया की जो घोषणा आप मेनिफेस्टो में किए हैं इसमें से ज्यादातर वादे तो बिहार की सरकार ने पहले ही लागू कर दिए है। चाहे मुफ्त बिजली हो, गरीबों को मिलने वाली सुविधा हो, आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज प्राइवेट अस्पतालों में हो, हर घर शौचालय हो, जीविका दीदी की खुशहाली हो या फिर लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहन और सरकारी नौकरी, बिहार की सरकार हर वादे को पूरा कर रही है जो घमंडिया गठबंधन से उम्मीद भी नहीं की जा सकती है।