बीआरबीजे न्यूज, पटना, 28 अक्टूबर, 2025 :
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने आज विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि झूठ बोलना, भ्रम फैलाना और भय के वातावरण का निर्माण करना महागठबन्धन की कार्यप्रणाली बन गई है, जिससे वह वोट हासिल कर सके।
उन्होंने तेजस्वी यादव के ‘बाहरी शक्तियों’ को लेकर कहा कि क्या प्रधानमंत्री बाहरी हैं? पीएम मोदी आज बिहार के विकास की गति को बढ़ा रहे हैं। बिहार के लिए अगर वे कुछ करना चाहते हैं, तो तेजस्वी यादव के पेट में दर्द क्यों है? देश और बिहार के लोग नरेंद्र मोदी को नेता मान चुके हैं।
राजद के कालखंड में बिहार लड़खड़ाया, उद्योग धंधे और कारोबारी भाग गए
भाजपा मीडिया सेंटर में प्रेस वार्ता में ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि कल रात तेजस्वी यादव ने अपने फेसबुक लाइव में पलायन की चर्चा की, जिसमें उद्योग की कमी का उल्लेख किया। उन्होंने तेजस्वी यादव को याद कराया कि वह 1990 का कालखंड था जब राजद सत्ता में था। तब बिहार पूरी तरह से लड़खड़ा गया, उद्योग धंधे और कारोबारी भाग गए। उस दौर में जंगलराज का वातावरण बना था; उद्योग लगाने वाले यहां आना नहीं चाहते थे।
जंगलराज में पढ़ाई, कमाई या उद्यमियों का बिहार में रहना मुश्किल था
उन्होंने कहा कि अगर आज तेजस्वी यादव को सच में पलायन की चिंता है, तो उन्हें अपने पिताजी और माताजी से पूछना चाहिए कि उस दौर में ऐसी परिस्थिति क्यों बनी? उनके सगों ने ऐसा आतंक फैलाया कि पढ़ाई, कमाई या किसी उद्योग से जुड़े लोगों को बिहार में रहना मुश्किल हो गया।
बिहार के लोग ‘लालटेन’ को कभी नहीं आने देंगे
ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि बिहार अब विकास की ओर आगे बढ़ चुका है। अब यहां के लोग कभी लालटेन को नहीं आने देंगे। श्री सिन्हा ने तेजस्वी यादव के सभी घरों में नौकरी देने के वादे पर कहा कि जनता सब समझती है। जनता जानती है कि 2.50 करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी देनी होगी।
महागठबंधन के रिपोर्ट कार्ड भी जारी किया
इस दौरान उन्होंने महागठबंधन के रिपोर्ट कार्ड भी जारी किया। उन्होंने कहा कि जनता सही चुनाव करेगी। लालटेन बुझेगा और बिहार विकसित बनेगा। माई बहिन मान योजना को लेकर कहा कि आज भी महिलाएं जंगलराज के उस दौर को नहीं भूली हैं, जब महिलाएं घर से नहीं निकलती थीं। आज महिलाओं को डबल इंजन की सरकार ने संबल प्रदान किया है। प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अमित प्रकाश बबलू और प्रभात मालाकार उपस्थित रहे।