बीआरबीजे न्यूज, पटना, 27 जुलाई, 2025 :
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि हमलोगों ने राजा देखा है। मगर अब राजशाही चली गई। नीतीश कुमार जब सत्ता में आए तो बिहार को संरचनाओं में बांधकर बिहार का विकास किया। उन्होंने मगध का राजा का भी जिक्र किया। कहा, एक समय भारत सोने की चिड़िया था तो उसमें बिहार का भी योगदान था। अब बिहार ही भारत को सोने का शेर बनाएगा। शनिवार को पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में श्री चौधरी के राजा, राजशाही और मगध का राजा को लेकर उनके संबोधन से वहां उपस्थित डिस्टिंग्विस्ट वक्ताओं और श्रोताओं में सूबे के मौजूदा सियासी माहौल को लेकर सरगोशी शुरू हो गई। सवाल पूछे जाने पर कि मगध का राजा से आपका क्या तात्पर्य है, श्री चौधरी ने सफाई से कहा कि यह एक प्रतीक है, भारत की शक्ति का। राष्ट्रध्वज व चक्र आदि सिम्बलों में यह प्रयुक्त होता है। जिसे कभी मगध कहते थे, उसने अखंड भारत भी बनाया।
कई सरकारों और काम करने का तरीका भी देखा
मौका था एडवांटेज डायलॉग मैं हूं बिहार (एपिसोड-7) का। यहां मौर्य होटल में कन्वर्जेंट मीडिया एंड बिहार, माजी से मुस्तकबिल तक विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में सम्राट चौधरी ने कहा कि लम्बे समय से बिहार की राजनीति में हूं। कई सरकारों को देखा और काम करने का तरीका भी देखा। नीतीश कुमार जब सत्ता में आए, तब जाकर बिहार ने काफी तेजी तरक्की की है। हमारे बजट को देखें, यह आज काफी बढ़ चुका है। विकास के हर क्षेत्र में बिहार ने तेज तरक्की की है। अब बिहार बदल चुका है। आज बिहार में नालंदा विश्वविद्यालय का उद्घाटन हो चुका है। पटना में एक करोड़ यात्रियों की क्षमता वाला एयरपोर्ट बन चुका है। दरभंगा में एयरपोर्ट बन चुका है।
प्राइवेट इंडस्ट्री के बिना बिहार का तेज विकास नहीं
उन्होंने कहा कि प्राइवेट इंडस्ट्री के बिना राज्य का तेज विकास नहीं हो सकता है। राज्य में आधारभूत संरचना का काफी विकास हो चुका है। यहां अब निजी क्षेत्र के निवेश को बढ़ावा देने की जरूरत है। बिहार के बिना देश विकसित नहीं होगा। हमारी कोशिश है कि बिहार आगे बढ़े। 2014 में जब वह नगर विकास मंत्री थे, तब पटना मेट्रो पर काम शुरू हुआ। तब इसकी लागत अनुमानत: 16000 करोड़ था। अभी 28 हजार करोड़ और सभी कारीडोर के पूर्ण होने तक इसकी लागत 32 हजार करोड़ होने का अनुमान है। इसके लिए बड़े निवेश की जरूरत है।
खुर्शीद अहमद समेत वरिष्ठ पत्रकारों ने रखे विचार
एडवांटेज सर्विसेज के फाउंडटर -सीईओ खुर्शीद अहमद ने कहा कि डायलॉग में हूं बिहार का इससे पहले 6 एपीसोड आयोजित हो चुका है। जिनमें स्वास्थ्य, वित्त, इंफ्रास्ट्रक्चर, कला एवं संस्कृति, शिक्षा, सड़क सुरक्षा, जैसे विषयों पर राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों ने अपनी बातें रखीं थी। सेमिनार में डॉ. सत्यजीत सिंह, डॉ. रंजना कुमारी के साथघ ही, वरिष्ठ पत्रकार संतोष सिंह, बृजमोहन सिंह, मरिया शकील और मणिकांत ठाकुर ने भी अपने विचार रखे।