घुसपैठियों को देश से बाहर निकाल कर रहेंगे : पीएम मोदी
पूर्णिया, 15 सितम्बर, 2025, बीआरबीजे न्यूज,:
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को यहां सीमांचल के सबसे महत्वपूर्ण शहर पूर्णिया के मंच से घुसपैठ के मुद्दे पर कांग्रेस और राजद पर करारा प्रहार किया। उन्होंने इन दोनों दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वोट बैंक के लालच में राजद और कांग्रेस घुसपैठियों को बचाना चाहते हैं। लेकिन, देश में जो भी घुसपैठिए हैं, उनको देश से बाहर जाना ही होगा। घुसपैठ पर ताला लगाना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए गत 15 अगस्त को मैंने लालकिले से ही एनडीए सरकार के डेमोग्राफिक मिशन की घोषणा की थी।
पूर्णिया की सभा में भारी भीड़ के बीच श्री मोदी ने हुंकार भरी कि वह देश और बिहार के संसाधन और सुरक्षा को दांव पर नहीं लगाने देंगे। राजद और कांग्रेस चाहे जितना जोर लगा लें, घुसपैठियों की ढाल बनें, हम चुनौती देते हैं कि घुसपैठियों को हटाकर रहेंगे। घुसपैठियों पर कार्रवाई भी होगी और देश अच्छा परिणाम भी देखेगा। यह मोदी की गारंटी है।
मेरे आने से पहले उनको मखाना का नाम भी पता नहीं होगा
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव का बिना नाम लिए कहा कि अभी हाल में जो लोग यहां चक्कर काट रहे थे, उनको मेरे आने से पहले मखाना का नाम भी नहीं पता होगा। उन्होंने घोषणा की कि सभी बेघरों को पक्का घर मिलेगा। इसके लिए तीन करोड़ घरों के निर्माण का काम चल रहा है।
राजद-कांग्रेस को बिहार का विकास पच नहीं रहा
स्थानीय भाषा में अपने उद्बोधन की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राजद-कांग्रेस को बिहार का विकास पच नहीं रहा है। एक समय था जब लालटेन जलाकर पंजा वाले लोगों से 85 पैसा झपट लेते थे। तब लोगों को सिर्फ 15 पैसे मिलते थे।
बीड़ी से तुलना बिहार का अपमान
जब भी बिहार आगे बढ़ता है, उसके अपमान में लग जाते हैं। बीड़ी से बिहार की तुलना करते हैं। राजद – कांग्रेस से बिहार के सम्मान को खतरा है।
श्री मोदी ने मंच से 40 हजार करोड़ रुपए से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। सभा में नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू भी मौजूद थे। श्री मोदी ने हरी झंडी दिखाकर पूर्णिया से विमान सेवा और वंदे भारत समेत चार ट्रेनों की शुरुआत की।
बीच में इधर-उधर, मगर अब नहीं : मुख्यमंत्री
इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बीच में इधर-उधर हो गए थे, मगर अब ऐसा नहीं होने वाला। कहा कि इसके लिए हमारे लोग भी थे। एक नेता यहां हमारे बगल में बैठे हैं। बिहार के लिए प्रधानमंत्री जी इतना काम कर रहे हैं। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से कहा कि काहे बैठे हो जी, खड़ा होकर श्री मोदी का स्वागत करिए। बड़ी तादाद में महिलाएं भी मौजूद थीं।
मंच पर ये भी रहे मौजूद
मंच पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान समेत कई केन्द्रीय और राज्य सरकार के मंत्री मौजूद थे। इनमें एनडीए नेताओं में केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह (जदयू), जीतनराम मांझी (हम) और चिराग पासवान (लोजपा-रा) के साथ ही, भाजपा के नित्यनंद राय, गिरिराज सिंह, बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और बिजेन्द्र कुमार यादव आदि भी मौजूद थे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने श्री मोदी को मखाना का माला पहनाकर स्वागत किया।